रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नीट परीक्षा विवाद, स्मार्ट मीटर, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), स्थानीय निकायों की सीएजी रिपोर्ट और प्रदेश की राजनीति को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
यह भी पढ़े :- 57 हजार शिक्षकों की कमी, 12,560 से अधिक स्कूल जर्जर कैसे पढ़ेंगे बच्चे? – कांग्रेस
नीट परीक्षा विवाद पर अरुण साव ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और दोबारा परीक्षा आयोजित कराई। इसके बावजूद विपक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने इस प्रयास में सफल नहीं होगी।
यूसीसी पर कांग्रेस फैला रही भ्रम
प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कई बार स्पष्ट कर चुकी है कि आदिवासी समाज के अधिकारों या हितों पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना के अनुरूप प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित समिति विभिन्न वर्गों से सुझाव लेकर सरकार को अपना प्रारूप सौंपेगी। साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर केवल लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
स्मार्ट मीटर पर राजनीति का आरोप
बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर अरुण साव ने कहा कि स्मार्ट मीटर आधुनिक तकनीक का हिस्सा हैं और इन्हें लेकर अनावश्यक राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
विकास कार्यों में भेदभाव से किया इनकार
विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि नहीं मिलने के आरोपों को भी उन्होंने खारिज किया। साव ने कहा कि भाजपा की राजनीति विकास पर केंद्रित है, जबकि कांग्रेस विकास कार्यों में भी राजनीति करती रही है। राज्य सरकार पूरे छत्तीसगढ़ के संतुलित और समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है और किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा।
अविश्वास प्रस्ताव और भ्रष्टाचार के आरोपों पर जवाब
विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान विपक्ष द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई ठोस तथ्य प्रस्तुत नहीं कर सकी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सुशासन की सरकार काम कर रही है और विपक्ष केवल सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है।
भूपेश-टीएस की नजदीकी पर तंज
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के लगातार साथ दिखाई देने पर पूछे गए सवाल पर अरुण साव ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में कब विवाद होगा और कब दोस्ती, इसका कोई भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न स्पष्ट नीति है, न नीयत और न ही नेतृत्व।
सीएजी रिपोर्ट का भी किया जिक्र
स्थानीय निकायों से जुड़ी सीएजी रिपोर्ट पर टिप्पणी करते हुए साव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जनता ने व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति देखी है। उनके अनुसार कांग्रेस की राजनीति केवल सत्ता और परिवार तक सीमित रही, जबकि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता देकर काम कर रही है।



