रायपुर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तारा कोल ब्लॉक की नीलामी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान और गणेश उत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर बयान दिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा और पार्टी पर झूठ एवं भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़े :- पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, पति ने पत्नी पर टंगिया से किया हमला; रास्ते में मौत
तारा कोल ब्लॉक पर कांग्रेस के प्रदर्शन को बताया राजनीति
तारा कोल ब्लॉक की नीलामी के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन के ऐलान पर अरुण साव ने कहा कि इस मामले में छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (CGMDC) पहले ही स्थिति स्पष्ट कर चुका है। उन्होंने कहा कि संबंधित मामले में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी जानकारी CGMDC की ओर से सार्वजनिक की जा चुकी है।
साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस तथ्यों के बजाय लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सच्चाई सामने आने के बावजूद कांग्रेस उसे स्वीकार करने को तैयार नहीं है।
सेवा संकल्प अभियान पर भी कांग्रेस को घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान को लेकर कांग्रेस के सरकारीकरण के आरोपों पर भी उपमुख्यमंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
अरुण साव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य आम लोगों को कार्यक्रम से जोड़ना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उसे गांधी-नेहरू परिवार से जुड़ी राजनीति पसंद है, जबकि प्रधानमंत्री की उपलब्धियों और जनभागीदारी वाले कार्यक्रम उसे पसंद नहीं आ रहे।
गणेश उत्सव की तैयारियों पर दिए निर्देश
गणेश उत्सव के दौरान पंडालों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर साव ने कहा कि अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
सनातन के मुद्दे पर कांग्रेस पर पलटवार
इस दौरान अरुण साव ने कांग्रेस पर सनातन धर्म को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सनातन के बारे में भाजपा को सीख देने की जरूरत नहीं है। साव ने कांग्रेस पर ऐसे राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन करने का आरोप लगाया, जो उनके मुताबिक सनातन का विरोध करते हैं।




