रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बीच रायपुर प्रेस क्लब में हुई खुली बहस के बाद सियासी पारा और चढ़ गया है। डिबेट के दौरान आवास योजना के आंकड़ों को लेकर दोनों नेताओं में तीखी बहस हुई। कार्यक्रम खत्म होते ही भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर भी जुबानी जंग तेज हो गई।
यह भी पढ़े :- भूपेश बघेल ने घेरा तो विजय शर्मा ने आंकड़ों से दिया जवाब, PM आवास पर गरमाई सियासत
भूपेश ने किया तंज, BJP ने पोस्टर से दिया जवाब
डिबेट के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए विजय शर्मा पर तंज कसा। उन्होंने लिखा, “अगली बार किसी समझदार को भेजना। ‘छोटा रिचार्ज’ रील के लिए ही ठीक है।”

इसके जवाब में भाजपा ने पोस्टर जारी कर कांग्रेस पर निशाना साधा। पोस्टर में लिखा गया, “हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ।”

भाजपा ने इसके बाद एक और पोस्टर जारी किया, जिसमें लिखा, “तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना।” इस पोस्ट के जरिए भाजपा ने भूपेश बघेल पर पलटवार किया।

चुनौती के बाद तय हुई थी खुली बहस
दरअसल, प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच पिछले दिनों बयानबाजी हुई थी। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार करते हुए खुले मंच पर बहस करने पर सहमति जताई थी। इसके बाद रायपुर प्रेस क्लब में डिबेट का कार्यक्रम तय हुआ।
बहस के दौरान दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन और आंकड़ों को लेकर अपना-अपना पक्ष रखा। अब डिबेट के बाद भाजपा-कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर पोस्टर और बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।




