रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान को कांग्रेस द्वारा सरकारीकरण बताए जाने पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम ही किसी न किसी मुद्दे पर राग अलापना रह गया है। कांग्रेस को प्रधानमंत्री पद की गरिमा समझनी चाहिए।
यह भी पढ़े :- तारा कोल ब्लॉक से लेकर सेवा संकल्प तक अरुण साव का कांग्रेस पर हमला, बोले- झूठ और भ्रम फैलाना काम
नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संवैधानिक पद पर रहते हुए पिछले 25 वर्षों से देश और प्रदेश की सेवा कर रहे हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर भाजपा देशभर में सेवा संकल्प अभियान चला रही है। इसके तहत आम लोगों तक पहुंचकर उन्हें अभियान से जोड़ा जा रहा है और विभिन्न गतिविधियों में जनता का सहयोग लिया जा रहा है।
भूपेश सरकार पर भी साधा निशाना
भाजपा की ओर से कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लेकर जारी किए गए रैप वीडियो पर नेताम ने कहा कि पिछली सरकार ने जनता से कई वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई कई योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गईं।
कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर कसा तंज
15 सितंबर से अंबिकापुर में होने वाले कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को लेकर भी नेताम ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती है, लेकिन पार्टी की मौजूदा स्थिति किसी से छिपी नहीं है।
नेताम ने कांग्रेस में गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर जूतमपैजार की स्थिति बनी हुई है। जनता ने कांग्रेस को लगातार पीछे धकेला है और अब पार्टी के लिए इससे उबरना आसान नहीं है।




