बिलासपुर। जिले के ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास डीजे साउंड बढ़ाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नशे में धुत एक युवक ने विवाद के दौरान दूसरे युवक के सीने पर चाकू से 4-5 वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़े :- PM आवास पर भूपेश बघेल और विजय शर्मा आमने-सामने, रायपुर प्रेस क्लब में लाइव बहस देखे
डीजे साउंड को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, सोमवार 14 सितंबर की शाम ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने गणेश पंडाल लगाया गया था। यहां 23 वर्षीय अमन सूर्यवंशी और 22 वर्षीय आकाश सूर्यवंशी मौजूद थे। इसी दौरान डीजे साउंड को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और झगड़ा शुरू हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान अमन सूर्यवंशी ने चाकू निकालकर आकाश के सीने पर लगातार 4 से 5 वार कर दिए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
चाकूबाजी की घटना के बाद गणेश पंडाल के आसपास अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आकाश को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्च्यूरी में रखवाया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं।
वारदात के बाद चाकू लेकर घूमता रहा आरोपी
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी कुछ समय तक पंडाल के पास चाकू लेकर घूमता रहा। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में डीजे साउंड को लेकर विवाद की बात सामने आई है।
नशे का आदी बताया जा रहा आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी के नशे की लत से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अमन नशे का आदी है और उसके परिजन उसे पहले भी नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं। बताया जा रहा है कि वह करीब दो से तीन साल तक नशामुक्ति केंद्र में रह चुका है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




