रायपुर। राजधानी में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान में प्रतिबंधित समय में शहर में प्रवेश करने वाले 7 भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़े :- खैर लकड़ी तस्करी के आरोपी के घर से मिले 81 लाख कैश, फर्जी NTPs NOC मामले में महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इसके साथ ही बाजारों, प्रमुख चौराहों और व्यस्त सड़कों पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। यातायात में बाधा बन रहे वाहनों को क्रेन और टोइंग वाहन की मदद से हटाया गया।
तेलीबांधा और पचपेढ़ी नाका इलाके में विशेष जांच
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक शहर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश के लिए समय और मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर प्रतिबंधित अवधि में शहर के अंदर पहुंच रहे थे।

इसे देखते हुए तेलीबांधा और पचपेढ़ी नाका थाना क्षेत्र में विशेष निगरानी की गई। जांच के दौरान नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले 7 भारी वाहनों को पकड़ा गया। वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई के साथ उन्हें भविष्य में नियम नहीं तोड़ने की हिदायत दी गई।
सड़क पर खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया
अभियान सिर्फ भारी वाहनों तक सीमित नहीं रहा। प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सड़क, फुटपाथ और नो-पार्किंग जोन में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों की भी जांच की गई।
जहां वाहन यातायात में रुकावट बनते मिले, उन्हें क्रेन और टोइंग वाहनों से हटाकर यातायात थाना परिसर भेजा गया। संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया गया।
रात 12 से सुबह 5 बजे तक भारी वाहनों को अनुमति
यातायात पुलिस ने बताया कि आम लोगों की आवाजाही और बाजार क्षेत्रों में यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए रिंग रोड के अंदरूनी हिस्सों और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश का समय तय किया गया है।
नियम के अनुसार इन क्षेत्रों में भारी वाहनों को रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति है। तय समय के बाहर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
CCTV और फील्ड टीम से निगरानी
नो-एंट्री और नो-पार्किंग नियमों का पालन कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस CCTV कैमरों के साथ फील्ड टीमों की भी मदद ले रही है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे इलाकों में जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।




