रायपुर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी के ऐतिहासिक गोलबाजार स्थित गणेश पंडाल पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित गणेश प्रतिमा के दर्शन किए और भगवान गणेश को करीब 771 ग्राम वजनी स्वर्ण मुकुट पहनाया। मुकुट की कीमत करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
यह भी पढ़े :- बम्हनीडीह में अनिरुद्धाचार्य की कथा शुरू, आरक्षण से धर्म परिवर्तन तक बोले महाराज; कहा- ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
मुख्यमंत्री साय ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश का तिलक कर आरती उतारी और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव आस्था और संस्कृति का पर्व होने के साथ समाज को एकजुट करने वाली परंपरा का प्रतीक भी है। उन्होंने कामना की कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़े।
117 साल पुरानी है गणेशोत्सव की परंपरा
मुख्यमंत्री ने गोलबाजार में पिछले 117 वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी परंपरा को जीवंत बनाए रखना गौरव की बात है। ऐसी परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं।
गोलबाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा हर वर्ष गणेश प्रतिमा स्थापित की जाती है। यहां की भव्य प्रतिमा गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है। बड़ी संख्या में लोग भगवान गणेश के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मुख्यमंत्री के गोलबाजार पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों तथा गणपति बप्पा के जयकारों के बीच उनका स्वागत किया। समिति की ओर से मुख्यमंत्री को गजमाला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
150 साल पुराने हनुमान मंदिर में भी की पूजा
गणेश पंडाल में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री साय गोलबाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




