रायगढ़। शहर के रामभाठा स्थित पुराने बस डिपो परिसर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की सिर कुचलकर हत्या की गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान संजय मैदान क्षेत्र निवासी धनुर्जय चौहान के रूप में हुई है।
नशे के दौरान विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि नशे के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। इसके बाद युवक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि पुराना बस डिपो परिसर लंबे समय से नशेड़ियों के जमावड़े के लिए बदनाम रहा है। पुलिस इसी पहलू को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
दो-तीन संदिग्धों पर नजर
वारदात में दो से तीन लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल आरोपियों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस के साथ FSL टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के साथ ही हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।




