CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है। बारिश थमने से राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधि लगभग शून्य रही। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है।
यह भी पढ़े :- 14 सितंबर को पधारेंगे बप्पा, 5 राशियों पर होगी धन की बारिश
मौसम विभाग ने 9 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। वहीं, 10 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। 12 सितंबर से दक्षिणी छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश भी हो सकती है। (CG Weather Today)
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड और दुर्ग में सबसे कम तापमान
मंगलवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राजनांदगांव में सबसे अधिक 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रायपुर में तापमान बढ़ने से उमस और गर्मी का असर बढ़ गया है। बुधवार सुबह धूप खिली रही। हालांकि, मौसम विभाग ने आज कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
कई मौसमी सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है, जो करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका फिरोजपुर, मुजफ्फरपुर, बस्ती, डेहरी और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। वहीं, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय उत्तर आंध्र प्रदेश के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है, जो करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है।
11 सितंबर को बन सकता है निम्न दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास तथा उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय क्षेत्रों के ऊपर 11 सितंबर को निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में 10 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है और 12 सितंबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। (CG Weather Today)




