धमतरी। नगरी थाना क्षेत्र में पिकअप वाहन पलटने के बाद भैंस तस्करी का मामला सामने आया है। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें पांच भैंसें ठूंसकर ले जाई जा रही थीं। पुलिस ने सभी भैंसों को बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना ग्राम कर्राघाटी से चमेदा मार्ग पर हुई। यहां भैंसों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, पाइप भाटा निवासी ओंकार कुर्रे अपने दो साथियों के साथ पांच भैंसों को पिकअप वाहन में भरकर नवरंगपुर स्थित कत्लखाने की ओर ले जा रहा था। वाहन की जांच के दौरान आरोपियों से भैंसों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
जांच में यह भी सामने आया कि पांचों भैंसों को पिकअप वाहन में बेहद अमानवीय तरीके से ठूंसकर रखा गया था। हादसे के बाद पुलिस ने भैंसों को वाहन से बाहर निकालकर सुरक्षित कराया और वाहन को भी कब्जे में लिया।
मामले में नगरी पुलिस ने ओंकार कुर्रे सहित तीनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भैंसों को कहां से लाया गया था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस मामले में परिवहन के पूरे रूट और आरोपियों के संपर्कों की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद बरामद पांचों भैंसों को सुरक्षित स्थान पर रखने की प्रक्रिया की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




