रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में महिला दोस्त से मिलने पहुंचे 35 वर्षीय युवक की मारपीट के बाद मौत हो गई। आरोप है कि मोहल्ले के तीन युवकों ने युवक को वहां आने से मना किया और इसी बात को लेकर विवाद के बाद उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
यह भी पढ़े :- छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, युवती पर पेट्रोल डालकर लगाई आग; आरोपी पर हत्या के प्रयास का केस
गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरा आरोपी फरार है।
महिला दोस्त से मिलने पहुंचा था युवक
पुलिस के मुताबिक, सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी 8 सितंबर को ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में रहने वाली अपनी महिला दोस्त से मिलने गया था। इसी दौरान वहां रहने वाले राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना किया।
इसी बात को लेकर शिवा और तीनों युवकों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद तीनों ने एकजुट होकर शिवा के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उसे लात-घूंसों और हाथ-मुक्कों से चोट पहुंचाई गई।
घर पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत
मारपीट के बाद शिवा किसी तरह मौके से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और उसे पूरी घटना बताई। इसके बाद उसने शुरुआती इलाज कराया और फिर घर चला गया। हालांकि घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिजन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवा को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आई हेड इंजरी
युवक की मौत के बाद पहले कोतवाली थाने में मर्ग कायम किया गया। चूंकि घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की थी, इसलिए मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार, गवाहों ने तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि की।
पोस्टमॉर्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत का कारण हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक बताया। जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों को मौत से जुड़ा पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया।
पूछताछ में दो आरोपियों ने कबूला मारपीट करना
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक राजू महंत और कृष्णा साव ने धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं तीसरा आरोपी धन्नू निषाद अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
SSP ने कहा- कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
रायगढ़ के SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेकर किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।




