रायपुर। राजधानी में एक युवती को जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छेड़छाड़ का विरोध करने से नाराज युवक ने युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
यह भी पढ़े :- भिलाई के स्पा सेंटर में पुलिस की रेड, अनैतिक गतिविधि नहीं मिली; संचालक और युवतियों को मुचलका पाबंद
मामला माना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती ने आरोपी युवक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का विरोध किया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने युवती पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसी युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस
घटना की सूचना मिलने के बाद माना थाना पुलिस ने आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी द्वारा वारदात को अंजाम देने के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।




