दुर्ग। भिलाई के सूर्या मॉल स्थित सेंशेसन स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने छापेमारी की। हालांकि जांच के दौरान स्पा सेंटर में किसी भी तरह की अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई। इसके बावजूद पुलिस ने संचालक और वहां मिली युवतियों को भविष्य में किसी अवैध गतिविधि में शामिल नहीं होने के लिए बाउंड ओवर (मुचलका पाबंद) की कार्रवाई की है।
यह भी पढ़े :- आरंग में शराब दुकान के कर्मचारी ही निकले कथित कोचिए, कार से 160 पाव शराब जब्त; 7 गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को स्पा सेंटर में कथित अवैध गतिविधियों की शिकायत मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मॉल प्रबंधन के अनुसार, स्पा सेंटर जिस परिसर में संचालित है, वह सोल्ड प्रॉपर्टी है और वहां बिजली व पानी की सप्लाई भी बंद कर दी गई है। इसके बावजूद पुलिस को अंदर कुछ युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले, जिन्हें बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मौके पर मिली युवतियों की भूमिका और गतिविधियों की जांच की। किसी अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं होने के बावजूद भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संचालक और युवतियों को मुचलका पाबंद किया गया।
स्पा सेंटरों पर जारी रहेगी चेकिंग
भिलाई नगर CSP निशांत पाठक ने कहा कि शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे स्थानों पर पुलिस की चेकिंग और वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई ASP सिटी शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर की गई। टीम में CSP निशांत पाठक, DSP (IUCAW) भारती मरकाम, सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी समेत पुलिस अधिकारी शामिल रहे।




