अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में शासकीय राजीव गांधी पीजी कॉलेज की बीए प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा ने अपने जीजा के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अंतरा शाह के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े :- पीएससी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है
वह चिरमिरी के गोदरीपारा से अंबिकापुर में पढ़ाई करने आई थी। मामले में एनएसयूआई नेता ज्ञान तिवारी पर कथित रूप से ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने उसके खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया है।
शौचालय में फंदे पर मिला शव
जानकारी के अनुसार, अंतरा शाह पढ़ाई के सिलसिले में अपने जीजा निलेश गुप्ता के पटपरिया स्थित घर में रह रही थी। 10 सितंबर की रात वह अपनी बहन के साथ खाना खाने के बाद सो गई थी। अगले दिन सुबह करीब 5.30 बजे परिजनों ने घर के शौचालय में उसका शव फंदे पर लटका देखा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सहेलियों ने परिजनों को बताई ब्लैकमेलिंग की बात
घटना के अगले दिन अंतरा की कुछ सहेलियां उसके घर पहुंचीं। परिजनों के मुताबिक, सहेलियों ने बताया कि एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेता ज्ञान तिवारी द्वारा अंतरा को लंबे समय से कथित तौर पर ब्लैकमेल किया जा रहा था और इससे वह परेशान रहती थी।
परिजनों ने इसी आधार पर उसकी आत्महत्या के पीछे ब्लैकमेलिंग को संभावित वजह बताते हुए पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की। मृतका के मामा ने गांधीनगर थाने पहुंचकर ज्ञान तिवारी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
ABVP ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन
मामले में एनएसयूआई नेता का नाम सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता गांधीनगर थाने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित आरोपी का पुतला भी फूंका। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई।
टीएस सिंहदेव ने निष्पक्ष जांच की मांग की
मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा और आरोपी के बीच संपर्क, कथित ब्लैकमेलिंग के आरोप और आत्महत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।




