डोंगरगढ़। शहर के बस स्टैंड स्थित SBI ATM बूथ में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया। आरोपी ATM मशीन को तोड़कर रकम निकालने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस पेट्रोलिंग के चलते वारदात पूरी होने से पहले ही उसे पकड़ लिया गया।
यह भी पढ़े :- फांसी पर लटका मिला 19 साल की छात्रा का शव, NSUI नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पूरी तैयारी के साथ ATM बूथ में दाखिल हुआ था। उसने सबसे पहले CCTV कैमरे को क्षतिग्रस्त किया, इसके बाद हथौड़ी और छीनी से ATM मशीन के कवर और दरवाजे वाले हिस्से को तोड़ने की कोशिश की। हमले में मशीन का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने पकड़ा संदिग्ध युवक
ATM बूथ में संदिग्ध गतिविधि देखकर आसपास के लोगों को शक हुआ। लोगों ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान SBI कर्मचारी और स्थानीय निवासी अंजल निगम भी रेलवे स्टेशन से लौटते समय वहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि कुछ लोग पहले से युवक को पकड़े हुए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। उसके पास से हथौड़ी और छीनी बरामद की गई।
नशे की हालत में था आरोपी
डोंगरगढ़ SDOP केसरी नंदन नायक के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान सेवाराम वर्मा, निवासी अंडी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे की हालत में था और शुरुआती पूछताछ में ज्यादा जानकारी नहीं दे पाया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले ATM तोड़ने पहुंचा था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। साथ ही CCTV कैमरे और आसपास की गतिविधियों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।




