Chhattisgarh Weather Today : छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। प्रदेश में अब तक की मौसमी वर्षा सामान्य से 6 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़े :- बिस्तर में छिपा था जहरीला सांप, 10 साल के बच्चे को डसा; इलाज के दौरान मौत
इस दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात होने की चेतावनी जारी की गई है।
कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के नाउकास्ट के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। विभाग ने 10 सितंबर को सुबह 7:15 बजे से 10:15 बजे तक के लिए जिला स्तरीय नाउकास्ट जारी किया है। (Chhattisgarh Weather Today)
इन जिलों में येलो अलर्ट: सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर के कुछ हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है।
रायपुर में 34.2 डिग्री रहा तापमान
पिछले 24 घंटे में रायपुर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
इन इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान पाली (कोरबा) में 4 सेमी, बेलगहना (बिलासपुर) में 3 सेमी, हरदीबाजार (कोरबा) और नेरहरपुर (कांकेर) में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सकरी और कोटा (बिलासपुर), घुमका (राजनांदगांव), जशपुरनगर (जशपुर) तथा छिंदगढ़ (सुकमा) में 1-1 सेमी वर्षा हुई।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश तट के ऊपर समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 10 सितंबर को उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है।
इसके अलावा मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, पंतनगर, बस्ती, छपरा, पुरुलिया और दीघा से होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
रायपुर में बादल, बारिश और अंधड़ के आसार
राजधानी रायपुर में गुरुवार को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में बारिश के साथ गरज-चमक और अंधड़ चल सकता है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दो दिन बाद भी जारी रह सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात हो सकता है। (Chhattisgarh Weather Today)




