गरियाबंद। जिले के गौरगांव पंचायत के झोलाराव गांव में खाद चोरी के आरोप में दो युवकों को ग्रामीणों द्वारा अनोखे तरीके से सजा देने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने दोनों युवकों के कंधों पर यूरिया खाद की बोरियां रखवाकर बाजे-गाजे के साथ पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh Weather Today : छत्तीसगढ़ में आज से फिर जोर पकड़ेगा मानसून, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
जानकारी के अनुसार, झोलाराव गांव में एक किसान के घर से यूरिया खाद चोरी होने की बात सामने आई थी। ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में दो युवकों को पकड़ लिया। दोनों की पहचान कृष्णा और प्रभु के रूप में बताई जा रही है।
इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों के कंधों पर यूरिया खाद की बोरियां रखवाईं और बाजे-गाजे के साथ गांव में भ्रमण कराया। घटना का वीडियो/तस्वीर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि और दोनों युवकों के खिलाफ की गई कानूनी कार्रवाई की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।




