तखतपुर (बिलासपुर)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र स्थित कुशमुली गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
यह भी पढ़े :- Police Transfer : SSP विजय अग्रवाल का बड़ा फैसला…! दुर्ग पुलिस में जारी हुई नई तबादला सूची
यहाँ लगातार शराब के नशे में विवाद और मारपीट करने वाले बेटे से तंग आकर पिता ने उसकी डंडे व कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।
शराब के नशे में परिजनों से करता था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक विजेंद्र श्रीवास गंभीर रूप से शराब पीने का आदी था। वह अक्सर अत्यधिक शराब पीकर घर लौटता था और परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था। परिजनों के मुताबिक, उसकी इस आदत से पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान हो चुका था।
विवाद बढ़ने पर खोया आपा
बीती रात भी विजेंद्र नशे की हालत में घर पहुँचा और परिजनों से उलझने लगा। रोज-रोज के क्लेश और विवाद से तंग आकर उसके पिता मोहित राम श्रीवास का धैर्य जवाब दे गया। गुस्से में आकर मोहित राम ने घर में रखे डंडे और कुल्हाड़ी से विजेंद्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने के कारण विजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई और आगे की जाँच
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी पिता मोहित राम श्रीवास को हिरासत में ले लिया है। तखतपुर पुलिस द्वारा मामले की आगे की कानूनी जाँच और पूछताछ जारी है।



