रायपुर। कांकेर सांसद भोजराज नाग के बारिश रोकने के लिए नींबू काटने वाले वायरल वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सांसद के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अगर नींबू काटने से बारिश रुक सकती है, तो नींबू काटकर महंगाई भी रोक देनी चाहिए।
यह भी पढ़े :- प्लंबिंग पाइप की आड़ में गांजा तस्करी! रायपुर में DRI की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 250 किलो गांजा जब्त
दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि अगर नींबू काटने से बारिश रुक जाती है, तो सांसद भोजराज नाग को नींबू काटकर पेट्रोल और शक्कर के दाम कम करवाने चाहिए। उन्होंने बिजली बिल कम कराने की भी बात कही। बैज ने कहा कि जनता महंगाई और बढ़ती कीमतों से परेशान है, ऐसे में इन समस्याओं का समाधान भी इसी तरीके से किया जाना चाहिए।
भाजपा की बैठक पर भी साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा की दो दिवसीय समन्वय बैठक को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और सरकार के मंत्रियों के प्रदर्शन को लेकर संगठन में नाराजगी है।
बैज ने आरोप लगाया कि मंत्रियों का प्रदर्शन खराब है और संगठन की बैठक में कुछ मंत्रियों को कड़ी फटकार लगाई गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ मंत्री बैठक से नाराज होकर बाहर आए। हालांकि, इन आरोपों पर भाजपा की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
दीपक बैज ने कहा कि अब केवल मंत्रिमंडल में बदलाव करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि सरकार बदलने की जरूरत है। उन्होंने राज्य सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए भाजपा नेतृत्व पर भी निशाना साधा।
स्कूली बच्चों के आंदोलन पर सरकार को घेरा
प्रदेश में अलग-अलग जिलों में स्कूली छात्रों द्वारा शिक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे प्रदर्शनों को लेकर भी बैज ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
बैज ने कहा कि स्कूलों में किताबें और शिक्षक नहीं हैं, कई जगह भवनों की स्थिति खराब है और बारिश के दौरान स्कूल परिसरों में पानी भर रहा है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने शिक्षा मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे विभाग को कठपुतली की तरह चला रहे हैं। बैज ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज करने के कारण अब Gen Alpha के बच्चे भी सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।




