रायपुर। भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव में नहीं हरा पाने के कारण कांग्रेस अब लोगों को परेशान करने और मारपीट पर उतर आई है।
रवि किशन ने कांग्रेस पर देश को लंबे समय तक पीछे रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक सम्मान बढ़ा है और देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और प्रदर्शन के कारण आम लोगों को परेशानी होने का भी आरोप लगाया।
EVM और वोट चोरी के आरोपों पर सवाल
भाजपा सांसद ने कांग्रेस के EVM और वोट चोरी से जुड़े आरोपों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब EVM और वोट चोरी का आरोप क्यों नहीं लगाया जाता। उन्होंने कांग्रेस से विकास के मुद्दों पर राजनीति करने और देश के लिए अपना रोडमैप स्पष्ट करने की मांग की।
रवि किशन ने कहा कि भाजपा ऐसे भारत की बात करती है, जहां दंगे न हों, विकास हो और जनता की आवाज सुनी जाए। उन्होंने कहा कि सड़क जाम करना आंदोलन का उचित तरीका नहीं है।
बता दें कि रवि किशन छत्तीसगढ़ में बिलासपुर में आयोजित गरबा महोत्सव में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे हैं। रायपुर एयरपोर्ट से वे सीधे बिलासपुर रवाना होंगे।




