रायपुर। पूर्व मंत्री और भाजपा नेता अजय चंद्राकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। वायरल वीडियो में चंद्राकर किसानों के बीच बांध से धान की फसल के लिए पानी छोड़े जाने को लेकर एक अधिकारी का जिक्र करते हुए कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में अजय चंद्राकर कथित तौर पर अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों पर की जा रही टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहते हैं कि संबंधित ईई ग्रामीणों को ‘नेतागिरी’ करने वाला बता रहा है। इसी दौरान उन्होंने अधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की।
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने अजय चंद्राकर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल से बाहर रहने के बाद चंद्राकर ‘फ्रस्ट्रेटेड’ हैं और लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। शुक्ला ने भाजपा नेतृत्व से मामले पर संज्ञान लेने की मांग भी की।
शुक्ला ने यह भी कहा कि अजय चंद्राकर को एम्स जाकर अपना मानसिक चेकअप कराना चाहिए और कुछ समय आराम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के ऐसे बयानों से प्रदेश की राजनीति पर असर पड़ता है।




