रायपुर। सदर बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान से 1 करोड़ 88 लाख 37 हजार 630 रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लेकर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कर्मचारी बताकर ज्वेलर्स का विश्वास हासिल किया था। पुलिस के मुताबिक, उसने अपनी साथी के साथ मिलकर गलत हस्ताक्षर वाले चेक देकर आभूषण हासिल किए।
पुलिस के अनुसार, भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की सदर बाजार स्थित विधी ज्वेलर्स एंड बुलियन दुकान में 24 अगस्त को किरण साहू अपनी एक महिला साथी के साथ पहुंची। दोनों ने खुद को नगर निगम में कार्यरत बताकर विश्वास कायम किया और करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इसके बदले 250 ग्राम सोने का बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि बाकी 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक दिया गया।
इसके बाद 26 अगस्त को दोनों महिलाएं फिर दुकान पहुंचीं और करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण ले गईं। इसके भुगतान के लिए 1,73,37,630 रुपये का चेक दिया गया। दोनों ने दो-तीन दिन में सोने के बिस्कुट देने का भरोसा भी दिलाया।
गलत हस्ताक्षर से चेक हुआ बाउंस
दुकानदार ने 1 सितंबर को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया, लेकिन गलत हस्ताक्षर के कारण चेक अनादरित हो गया। इसके बाद दुकानदार ने किरण साहू से संपर्क किया तो वह कथित तौर पर टालमटोल करती रही। न रकम का भुगतान किया गया और न ही लिए गए आभूषणों का हिसाब दिया गया।
शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
दूसरी आरोपी की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने पतासाजी के बाद किरण साहू (28), पति गोपाल साहू, निवासी मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में किरण साहू ने अपनी साथी के साथ मिलकर धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब ठगी से हासिल किए गए आभूषणों की बरामदगी और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में शामिल दूसरी महिला आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।




