रायपुर। यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की ओर से CBI जांच की मांग किए जाने पर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने पलटवार किया है।
यह भी पढ़े :- यूथ कांग्रेस चुनाव पर अजय चंद्राकर के आरोप, CBI जांच की मांग; फर्जी वोटिंग और फंडिंग को लेकर उठाए सवाल
उपाध्याय ने चंद्राकर के बयान को लेकर कई सवाल उठाए और कहा कि यदि उन्हें जांच की इतनी ही चिंता है तो अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में भी CBI जांच की मांग करनी चाहिए।
‘अयोध्या मामले में SIT जांच की रिपोर्ट सामने आ चुकी है’
विकास उपाध्याय ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच के लिए SIT गठित की गई थी। SIT की जांच में चढ़ावे की रकम के प्रबंधन, निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी खामियों का उल्लेख किया गया है। इस मामले में पुलिस कार्रवाई भी हुई है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अजय चंद्राकर यूथ कांग्रेस चुनाव में CBI जांच की मांग कर रहे हैं, लेकिन अयोध्या के मामले में ऐसी मांग क्यों नहीं करते।
‘अपने संगठन में राजनीतिक उपयोगिता साबित करने की कोशिश’
उपाध्याय ने आरोप लगाया कि अजय चंद्राकर इस तरह के बयान देकर अपने ही संगठन में अपनी राजनीतिक उपयोगिता साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की जांच संबंधित स्तर पर हो सकती है, लेकिन राजनीतिक बयानबाजी के बजाय तथ्यों के आधार पर बात होनी चाहिए।
मंत्री पद को लेकर भी साधा निशाना
विकास उपाध्याय ने अजय चंद्राकर पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें मंत्री पद मिलने की संभावना नहीं है, इसलिए वे इस तरह के बयान देकर अपनी कुंठा निकाल रहे हैं।
हालांकि, यूथ कांग्रेस चुनाव में कथित अनियमितताओं और फर्जी मतदान से जुड़े आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।




