रायपुर। राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मंदिर हसौद के पास एक संदिग्ध ट्रक को पकड़ा। तलाशी के दौरान ट्रक में प्लास्टिक प्लंबिंग पाइप के बीच छिपाकर रखा गया करीब 250 किलो गांजा बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि तस्करों ने गांजा तस्करी के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया था। ट्रक में प्लास्टिक पाइप लोड किए गए थे, जिनकी आड़ में गांजे की खेप छिपाई गई थी। ताकि जांच के दौरान वाहन सामान्य मालवाहक ट्रक नजर आए और खेप को आसानी से दूसरे राज्य तक पहुंचाया जा सके।
DRI की टीम ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।
बरामद गांजे की कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है। फिलहाल DRI की जांच जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। मामले में DRI की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी होने के बाद जब्त गांजे की वास्तविक मात्रा और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।




