सूरजपुर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का WhatsApp अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। हैक किए गए अकाउंट से उनके संपर्क में मौजूद लोगों को फर्जी संदेश भेजकर 32 हजार रुपये की मांग की जा रही है। ठग ऑनलाइन भुगतान के लिए QR कोड भी भेज रहे हैं।

हैक किए गए नंबर से भेजे जा रहे संदेश में लिखा है- “एक छोटी सी हेल्प चाहिए, मेरा UPI ब्लॉक हो गया है, अर्जेन्ट है, 32,000 रुपए चाहिए।” इसके साथ भुगतान के लिए QR कोड भेजा जा रहा है। मंत्री के नाम और नंबर का इस्तेमाल कर रकम मांगने की जानकारी सामने आने के बाद उनके परिचितों और संपर्कों में चिंता बढ़ गई है।
बताया गया कि घटना के समय मंत्री सूरजपुर में आयोजित रोड सेफ्टी कार्यक्रम के तहत बाइक रैली में व्यस्त थीं। इसी दौरान उनके WhatsApp अकाउंट से लोगों को फर्जी संदेश भेजे जाने लगे।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अकाउंट हैक होने और उसके जरिए लोगों से पैसे मांगने के मामले की जांच कर रही है।
मंत्री ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने आधिकारिक Instagram अकाउंट पर स्टोरी शेयर कर WhatsApp हैक होने की जानकारी दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से पैसे की मांग वाला कोई संदेश आने पर भुगतान न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। पुलिस भी लोगों से ऐसे संदेशों को लेकर सतर्क रहने की अपील कर रही है।




