रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा विभिन्न राज्यों में नवनियुक्त राज्यपालों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सभी राज्यपाल अपने अनुभव और कुशल मार्गदर्शन से संबंधित राज्यों के विकास को नई दिशा देने के साथ सुशासन, जनकल्याण और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
यह भी पढ़े :- Navratri Day 3: आज मां चंद्रघंटा की पूजा, जानें शुभ मुहूर्त, मंत्र, लाल रंग का महत्व और प्रिय भोग
मुख्यमंत्री साय ने केरल के राज्यपाल के रूप में नियुक्त ओम प्रकाश माथुर, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम, कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव, उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन और सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में अर्जित अनुभव और प्रशासनिक मार्गदर्शन से राज्यों की विकास यात्रा को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त राज्यपाल अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनहित, सुशासन और संवैधानिक परंपराओं को और सुदृढ़ करेंगे।
साय ने सभी राज्यपालों के सफल, यशस्वी और गरिमामय कार्यकाल की कामना करते हुए उनके नए दायित्वों के लिए शुभेच्छाएं व्यक्त कीं।




