बिलासपुर, 12 जुलाई। Goods Train Derailed : बिलासपुर में शनिवार को एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। रेलवे स्टेशन के पास शंकर नगर आरओबी (ROB) के नीचे एक मालगाड़ी का वैगन डाउन लाइन पर बेपटरी हो गया। राहत की बात यह रही कि मालगाड़ी की गति धीमी होने के कारण बड़ा रेल हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग और तकनीकी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने वैगन को दोबारा पटरी पर चढ़ाने और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का काम शुरू किया। साथ ही पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है।
कुछ समय प्रभावित रहा रेल परिचालन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे के चलते डाउन लाइन पर कुछ समय के लिए ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। हालांकि, ट्रैफिक को जल्द सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर बहाली का कार्य किया गया।
बार-बार हो रहे हादसों से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि हाल के दिनों में बिलासपुर रेल मंडल में मालगाड़ियों के बेपटरी होने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में इस ताजा घटना ने एक बार फिर ट्रैक की गुणवत्ता, रखरखाव और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल रेलवे प्रशासन दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।



