रायपुर। राजधानी रायपुर में अघोषित बिजली कटौती, बढ़े हुए बिजली बिल और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर कांग्रेस ने रविवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ट्रांसफार्मर की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
यह भी पढ़े :- Raipur News: कारोबारी को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल का आरोप, दो युवतियों के खिलाफ एफआईआर
प्रदर्शन के दौरान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ट्रांसफार्मर की पूजा कर बिजली बिल कम आने और अघोषित बिजली कटौती बंद होने की कामना की। इस अनूठे प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेशभर में लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने बिजली दरों में वृद्धि, लो-वोल्टेज की समस्या तथा सोलर पैनलों से खरीदी जाने वाली बिजली की दर कम किए जाने का भी विरोध किया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बिजली से जुड़ी समस्याओं के कारण आम उपभोक्ता, किसान और छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से बिजली आपूर्ति में सुधार करने और बढ़ी हुई दरों पर पुनर्विचार करने की मांग की।



