बलरामपुर। त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में त्रिकुंडा जलाशय बांध में हादसा हो गया। बांध के लीकेज को ठीक करने के लिए पानी में उतरे एक बुजुर्ग की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने जिम्मेदार लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े :- कृति सेनन के रक्षाबंधन ऐड पर बवाल, विवाद बढ़ा तो GIVA ने विज्ञापन हटाया
जानकारी के मुताबिक, जलाशय के एक हिस्से में लीकेज की समस्या सामने आई थी। इसे दुरुस्त करने के लिए बुजुर्ग को पानी के भीतर काम करने के लिए उतारा गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गए और उनकी जान चली गई।
पहले से खराब थी तबीयत, फिर भी काम पर ले जाने का आरोप
मृतक के परिजनों का कहना है कि बुजुर्ग की तबीयत पहले से ठीक नहीं थी। इसके बावजूद उन्हें बांध में लीकेज ठीक करने के काम में लगाया गया। परिवार का आरोप है कि पानी में उतारते समय उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए थे।
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दी गई।
सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिंचाई विभाग के अधिकारी नावाडीह गांव पहुंचे और घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद अधिकारी मामले की कार्रवाई के लिए थाने पहुंचे।
परिजनों ने मांग की है कि बुजुर्ग को बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बांध में उतारने के मामले की जांच की जाए और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
फिलहाल त्रिकुंडा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।




