रायपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर में नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्र आंदोलित नजर आ रहे हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से स्कूली बच्चों के प्रदर्शन और तालाबंदी की खबरों के बीच शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को आगे कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़े :- जातिगत जनगणना पर संतोष पांडे का राहुल गांधी पर पलटवार, बोले- पहले अपनी जाति बताएं
शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में सामने आ रहे स्कूली छात्रों के प्रदर्शनों को लेकर कहा कि इन आंदोलनों के पीछे कांग्रेस नेताओं की भूमिका है। उनका आरोप है कि कांग्रेस बच्चों को उकसा कर प्रदर्शन करवा रही है और सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
गजेंद्र यादव ने इन प्रदर्शनों को “कांग्रेस जनित प्रदर्शन” करार देते हुए कहा कि सरकार स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 8 हजार शौचालयों का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इन विकास कार्यों का श्रेय लेने की राजनीति कर रही है और इसी उद्देश्य से बच्चों को प्रदर्शन के लिए आगे किया जा रहा है।
प्रदेश के कई इलाकों में छात्र स्कूलों में शिक्षकों की कमी और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की मांग को लेकर आवाज उठा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि शिक्षकों की कमी का सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है। ऐसे में इन प्रदर्शनों को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर भी साधा निशाना
युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रहे विवाद पर भी शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपसी लड़ाई कोई नई बात नहीं है। मंत्री ने दावा किया कि भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच शुरू से ही मतभेद रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार भी दोनों पक्ष एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। मंत्री के इस बयान के बाद युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर चल रहा सियासी विवाद और गरमा सकता है।
भाजपा की मैराथन बैठकों पर बोले मंत्री
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में लगातार हो रही मैराथन बैठकों को लेकर गजेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा में संगठनात्मक कामकाज को लेकर नियमित बैठकें होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रभारी जिलों में भी लगातार बैठकें आयोजित की जाती हैं।
मंत्री के मुताबिक, इन बैठकों का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं की जानकारी लेना और उनके निराकरण के लिए आवश्यक रणनीति तैयार करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन लगातार जमीनी स्तर पर काम करते हुए समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास कर रहा है।




