रायपुर। जातिगत जनगणना को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखे जाने के बाद भाजपा सांसद संतोष पांडे ने सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा।
यह भी पढ़े :- अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर तंज: ‘विक्रांत भूरिया पहले MP में पहचान बनाएं, छत्तीसगढ़ में क्या काम?’
संतोष पांडे ने कहा कि जातिगत जनगणना की मांग करने से पहले राहुल गांधी को देश के सामने अपनी जाति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की जातीय पहचान को लेकर सवाल खड़े करते हुए कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए।
आदिवासी मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा
छत्तीसगढ़ में आदिवासी कांग्रेस की प्रस्तावित बैठक को लेकर भी सांसद संतोष पांडे ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में आदिवासी समाज के साथ शोषण और अन्याय हुआ। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस से उसके शासनकाल की स्थिति पर जवाब मांगा।
भाजपा की बैठकों पर बोले- चुनाव के लिए हमेशा तैयार
भाजपा की लगातार चल रही बैठकों और कार्यक्रमों की समीक्षा को लेकर संतोष पांडे ने कहा कि पार्टी हर समय संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारी में जुटी रहती है।
उन्होंने भाजपा की कार्यशैली का उदाहरण देते हुए कहा कि शांति के समय भी पार्टी अपने हथियारों को तैयार रखती है। बैठकों में अलग-अलग कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आने वाले दिनों की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।




