बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के ग्राम पेंडरवा में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तलवार से हुए हमले में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।
यह भी पढ़े :- अफीम खेती कांड: निलंबित कृषि अधिकारी की वापसी, जांच के बीच बहाली पर उठे सवाल
विवाद ने लिया खौफनाक मोड़
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुरेश श्रीवास (46) अपने दो नाबालिग पुत्रों के साथ बदला लेने की नीयत से शेख सलीम के घर पहुंचा था। सलीम के नहीं मिलने पर उसने उसकी मां मुराद बेगम (65) पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में परिवार के अन्य 6 सदस्य भी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
अवैध संबंध के शक में विवाद
पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपी को अपनी पूर्व पत्नी और शेख सलीम के बीच संबंध होने का शक था, जिसे लेकर पहले भी विवाद होता रहा था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और आरोपी ने हमला कर दिया।
पूर्व सरपंच पर उकसाने का आरोप
जांच में यह भी सामने आया कि गांव के पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास ने आरोपी को हिंसा के लिए उकसाया था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के अनुसार, चुनावी रंजिश के चलते पूर्व सरपंच ने यह साजिश रची थी।
पुलिस की कार्रवाई
कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी, पूर्व सरपंच और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।



