राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बसंतपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
5 लाख रुपये मांगने की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव के खिलाफ ACB में शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रुपए के लेनदेन से जुड़े एक मामले में प्रधान आरक्षक ने उनसे 5 लाख रुपये की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।
20 हजार रुपये लेकर थाने पहुंचा शिकायतकर्ता
बुधवार को ACB की टीम ने शिकायतकर्ता गौरव अग्रवाल को 20 हजार रुपये दिए और उसे बसंतपुर थाने भेजा। जैसे ही गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव को कथित रूप से रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से निगरानी कर रही ACB की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
थाने में ACB की कार्रवाई की खबर फैलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। फिलहाल एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम प्रधान आरक्षक किशोर यादव के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




