जगदलपुर। बस्तर में बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों और आम लोगों को राहत राशि नहीं मिलने का मुद्दा अब सियासी गर्मी बढ़ा रहा है। बुधवार को इसी मांग को लेकर कांग्रेस ने जगदलपुर में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आमागुड़ा चौक पर बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
समझाने पहुंची पुलिस, नहीं माने प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत कर चक्काजाम समाप्त करने और सड़क से हटने की अपील की। हालांकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। काफी देर तक समझाइश के बावजूद जब रास्ता खाली नहीं हुआ तो पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देने की मांग उठाई।
प्रति एकड़ 65 हजार रुपये मुआवजे की मांग
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों और परिवारों को अब तक पर्याप्त राहत और मुआवजा नहीं मिल पाया है। पार्टी ने सरकार से प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ 65 हजार रुपये की राहत राशि देने की मांग की है।
इसके साथ ही कांग्रेस ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने की मांग भी उठाई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आपदा के बाद कई परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और उन्हें तत्काल सरकारी सहायता की जरूरत है।
‘मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन होगा तेज’
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रभावित किसानों और आम लोगों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
फिलहाल चक्काजाम खत्म होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया।




