रायपुर। ऑनलाइन जुआ खेलने की लत और कर्ज चुकाने के लिए एक युवक ने रिश्तों को भी ताक पर रख दिया। उसने अपने ही सगे जीजा के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण चोरी कर लिए।
यह भी पढ़े :- दीपावली से पहले 67 लाख महिलाओं के खाते में आएंगे 632 करोड़, अमित शाह करेंगे बड़ा ऐलान!
टिकरापारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में हुई इस वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी साले को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई गई है।
जीजा के घर में दो दिन रुककर बनाई चोरी की योजना
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ के पद पर कोंडागांव में पदस्थ हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं। रायपुर के लक्ष्मी नगर स्थित उनके मकान के अलग-अलग मंजिलों पर परिवार के सदस्य रहते हैं। घटना से कुछ दिन पहले आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय अपनी बहन यानी प्रार्थी की पत्नी के साथ जीजा के घर में दो दिन तक रुका था। इसी दौरान उसे घर की अलमारी में सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी रखे होने की जानकारी मिल गई।
आरोपी को यह भी पता था कि उसकी बहन कोंडागांव चली गई है और मकान सूना है। इसी मौके का फायदा उठाकर उसने चोरी की योजना बनाई।
ग्राइंडर से तोड़ा ताला और अलमारी का लॉकर
प्रार्थी के अनुसार, 28 अक्टूबर को मकान की सफाई करने वाली महिला सफाई के बाद ताला लगाकर चाबी उनकी मां सुमित्रा शर्मा को सौंपकर गई थी। 30 अक्टूबर की सुबह उनकी मां ने फोन कर मुख्य दरवाजे का ताला कटा होने और चोरी की जानकारी दी।
रायपुर पहुंचने पर अनिल शर्मा ने देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरे की अलमारी और लॉकर भी तोड़े गए थे। वहां रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी गायब थी। शिकायत पर टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 1004/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज किया गया।
CCTV फुटेज से खुला रिश्तेदार का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसते और सीढ़ियों से तीसरी मंजिल तक जाते दिखाई दिया।
जांच में उसकी पहचान प्रार्थी के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार बयान बदलता रहा और अपराध में शामिल होने से इनकार करता रहा। हालांकि, साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
ऑनलाइन जुए में कर्ज हुआ तो रिश्तेदार के घर को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की आदत है और इस वजह से उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने जीजा के घर चोरी करने की योजना बनाई थी। वारदात के दिन वह दीवार फांदकर मकान में दाखिल हुआ और छोटे ग्राइंडर की मदद से दरवाजे की कुंडी व ताला तोड़कर अंदर पहुंचा। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
पुलिस के मुताबिक, वारदात पर संदेह न हो, इसके लिए आरोपी ने कुछ आभूषण वहीं छोड़ दिए और कपड़ों को व्यवस्थित तरीके से अलमारी में रख दिया था। इससे चोरी की घटना को लेकर तत्काल उस पर शक न जाए।
37 लाख के सोने के जेवर जब्त
पुलिस ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के करीब 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 37 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी मूल रूप से वार्ड क्रमांक 13, पंजाबीपारा, थाना कोतवाली, जिला महासमुंद का निवासी है। वर्तमान में वह प्रिंस कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, टिकरापारा रायपुर में रह रहा था। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




