रायपुर। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि आज कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक हुई, जिसमें 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की “देशव्यापी वोट चोर, गद्दी छोड़ो” रैली की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
यह भी पढ़े :- बड़ी खबर: ठंड के चलते छत्तीसगढ़ के स्कूलों की टाइमिंग बदली! जानें किस जिले में कब से शुरू होंगी क्लासें
महंत ने कहा कि 14 दिसंबर से विधानसभा सत्र शुरू हो रहा है, लेकिन सरकार ने विजन 2047 के नाम पर केवल झूठ परोसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विजन छत्तीसगढ़ की माटी और जनता से जुड़ा नहीं है, बल्कि जनता को केवल “दूरबीन दिखाने” जैसा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में चाकूबाजी और हत्या की बढ़ती घटनाएं, किसानों को धान खरीदी के लिए टोकन न मिलना, बिजली बिलों की बढ़ती दरें और जमीन की गाइडलाइन में बदलाव जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार ने अब तक कोई ठोस जवाब नहीं दिया है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए डॉ. महंत ने ऐलान किया कि कांग्रेस 14 दिसंबर के विधानसभा सत्र का बहिष्कार करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के किसान बेहद परेशान हैं। कई किसानों को टोकन नहीं मिल रहा है और जिन किसानों को टोकन मिला भी है, उनका धान खरीदा नहीं जा रहा। वहीं बस्तर क्षेत्र में अडानी–अंबानी को लाभ पहुंचाने के लिए जंगलों की कटाई किए जाने का भी आरोप लगाया।
डॉ. महंत ने स्पष्ट किया कि 15, 16 और 17 दिसंबर को कांग्रेस विधायक विधानसभा में किसानों और जनता से जुड़े जमीनी मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाएंगे।



