बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने शुक्रवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। दूसरी महिला से संबंध होने के शक में गुस्साई पत्नी ने अपने पति पर हंसिए से हमला कर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। गंभीर रूप से घायल पति को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- बिलासपुर के कोनी थाने में कार्रवाई या मेहमाननवाजी? कबाड़ कारोबारी को ‘VIP ट्रीटमेंट’ देने का मामला चर्चा में
जानकारी के अनुसार, चकरभाठा निवासी राकेश कौशिक राजमिस्त्री का काम करते हैं। उनकी पत्नी द्रोपति कौशिक को लंबे समय से राकेश पर दूसरी महिला से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात खाना खाने के बाद परिवार सो गया था। देर रात करीब एक बजे पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर द्रोपति ने घर में रखे लोहे के हंसिए से राकेश पर हमला कर दिया।
घटना की जानकारी राकेश की बहन रेखा कौशिक को उनके भतीजे समीर कौशिक ने दी। सूचना मिलते ही रेखा अपने भाइयों रमेश कौशिक और सुरेश कौशिक के साथ मौके पर पहुंचीं। वहां राकेश गंभीर हालत में खटिया पर बैठे मिले और उनके शरीर से लगातार खून बह रहा था। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी से पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि घायल राकेश के बयान के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



