Petrol-Diesel Price Hike: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। ताजा बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। देश में पहली बार दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के पार पहुंची है।
यह भी पढ़े :- पति-पत्नी निकले गांजा सप्लायर, जुपिटर में बोरियों में भरकर कर रहे थे तस्करी; 22 किलो से ज्यादा गांजा जब्त
तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। इससे पहले 15 मई, 19 मई और 23 मई को भी कीमतों में इजाफा किया गया था। चार बार की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम अब तक करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुके हैं। (Petrol-Diesel Price Hike)
मेट्रो शहरों में नए दाम
ताजा बढ़ोतरी के बाद देश के प्रमुख महानगरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें इस प्रकार हैं—
दिल्ली: पेट्रोल 102.12 रुपये, डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर
मुंबई: पेट्रोल 111.21 रुपये, डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर
कोलकाता: पेट्रोल 113.51 रुपये, डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर
चेन्नई: पेट्रोल 107.77 रुपये, डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर
सीएनजी के दाम में भी बढ़ोतरी
पेट्रोल-डीजल के साथ सीएनजी की कीमतों में भी लगातार इजाफा जारी है। शनिवार को सीएनजी के दाम में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत बढ़कर 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। पिछले कुछ दिनों में यह तीसरी बढ़ोतरी है और कुल मिलाकर सीएनजी 4 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो चुकी है।
खाड़ी संकट का असर
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी तनाव और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। होर्मुज स्ट्रेट में बाधा आने से वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसके चलते कच्चे तेल के दाम में 50 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी का असर भारत समेत कई देशों में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर देखने को मिल रहा है। (Petrol-Diesel Price Hike)



