रायपुर। कारोबारी दीपक टंडन से जुड़े विवाद के बाद अब DSP कल्पना वर्मा के खिलाफ राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन डेका के पास औपचारिक शिकायत पहुँच गई है। सामाजिक एवं आरटीआई कार्यकर्ता कुणाल शुक्ला ने राज्यपाल को पत्र लिखकर DSP के निलंबन और उनकी चल-अचल संपत्तियों की विस्तृत जांच की मांग की है।
यह भी पढ़े :- किसानों से अपराध तक सरकार फेल, विधानसभा सत्र का कांग्रेस करेगी बहिष्कार: महंत
राज्यपाल को भेजे गए पत्र में कुणाल शुक्ला ने मामले की गंभीरता का उल्लेख करते हुए तत्काल निम्न कार्रवाई की मांग की है-
- सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र जांच समिति का गठन
- जांच पूरी होने तक DSP कल्पना वर्मा का निलंबन
- मामले से जुड़े अन्य पुलिस अधिकारियों को गैर-प्रभावी पदों पर स्थानांतरण
- आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय (ED) और ACB/लोकायुक्त से संपत्ति जांच
- विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई तत्काल शुरू किए जाने की मांग
क्या है पूरा मामला
कारोबारी दीपक टंडन ने अक्टूबर माह में खम्हारडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि DSP कल्पना वर्मा और उनके परिजनों ने उनसे पैसे, वाहन और ज्वैलरी ली, लेकिन वापस नहीं की।
टंडन का आरोप है कि शिकायत के बावजूद लंबे समय तक थाने स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने मीडिया के माध्यम से मामला सार्वजनिक किया। मीडिया में खबर सामने आने के बाद खम्हारडीह पुलिस ने जांच शुरू तो की, लेकिन आधिकारिक जानकारी देने से लगातार परहेज किया गया।
अब राज्यपाल तक मामला पहुँचने के बाद इस प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है और आने वाले दिनों में प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



