क्वेटा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार सुबह बड़ा आतंकी हमला हुआ। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के मजीद ब्रिगेड के एक आत्मघाती हमलावर ने क्वेटा शहर में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाकर जोरदार विस्फोट कर दिया। इस भीषण धमाके में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े :- BJP Join : लालू यादव की पार्टी को बड़ा झटका…! RJD की फायरब्रांड नेत्री रितु जायसवाल ने BJP जॉइनिंग की बताई तारीख
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह एक सुनियोजित फिदायीन हमला था। धमाका इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
चमन फाटक के पास हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, जाफर एक्सप्रेस क्वेटा कैंट क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। विस्फोट की चपेट में आने से रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद कई मकान और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा बल और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। हालात को देखते हुए अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। क्वेटा और आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने मीडिया को जारी बयान में हमले की जिम्मेदारी ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रेन के गुजरने के समय को पहले से तय कर अधिकतम नुकसान पहुंचाने की साजिश रची गई थी।
रेल मंत्री ने की निंदा
पाकिस्तान के रेल मंत्री ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे कायराना आतंकवादी हमला बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले देश के हौसले और राष्ट्रीय संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते।
अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस और जांच एजेंसियां आत्मघाती हमलावर की पहचान और हमले के पीछे शामिल नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं।



