सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आबकारी उड़नदस्ता टीम ने गांजा तस्करी के मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत का गांजा बरामद किया गया है।
यह भी पढ़े :- पेट्रोल-डीजल महंगा पड़ते ही बढ़े सीमेंट के दाम, छत्तीसगढ़ में निर्माण लागत बढ़ी
मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, आबकारी उड़नदस्ता टीम को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए एक जुपिटर वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान बोरियों में भरकर रखा गया 22.6 किलो गांजा बरामद किया गया।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान टीम ने गांजा सप्लाई में शामिल पति-पत्नी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही गांजा तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।



