बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने ज्वेलर्स से करीब 12 लाख रुपये की लूट के मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के चार हथियारबंद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती और चोरी समेत 100 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़े :- ऑनलाइन गेम की लत में आरक्षक बना साइबर ठग, साथी के खाते से उड़ाए ₹4.87 लाख
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है। जब्त सामग्री में करीब एक लाख रुपये के चांदी के जेवर, ₹10,620 नकद, एक पिस्तौल, एक देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, एक धारदार तलवार, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई 2026 की सुबह ग्राम रोहरा निवासी एवं दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी अपनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाईस्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने हमला कर उनका मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली तथा बैग में रखे करीब 13 किलो चांदी और 70 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये थी, लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान तरेंगा, मारो, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर और रतनपुर तक लगे 1000 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने AI आधारित वीडियो एवं डेटा एनालिटिक्स, साइबर तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनके ठिकानों पर दबिश देकर चारों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वारदात से पहले क्षेत्र की रेकी करते थे और भागने के रास्तों की भी पहले से योजना बनाते थे। वारदात के दौरान हथियारों के दम पर पीड़ितों को डराकर लूटपाट करते थे और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं चूकते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुहन (48) निवासी चित्रकूट (उत्तर प्रदेश), जयदीप गुप्ता (43) निवासी रीवा (मध्य प्रदेश), जिआ उल हक (42) निवासी गोंडा (उत्तर प्रदेश) और गंगासागर पाण्डेय (42) निवासी चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि यही गिरोह वर्ष 2022 में रोहरा स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स और वर्ष 2024 में भाटापारा के आयुष ज्वेलर्स से हुई लूट की वारदातों में भी शामिल रहा है। पुलिस का दावा है कि गिरोह अब तक करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक की लूट, डकैती और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
फिलहाल चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस रिमांड पर लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों, नेटवर्क और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। साथ ही व्यापारियों और आम नागरिकों से प्रतिष्ठानों पर हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाने, किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।



