रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर पर आज शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार कार ने कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
यह भी पढ़े :- आमानाका फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर, चालक मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार एक महिला चला रही थी। तेज रफ्तार कार ने फ्लाईओवर पर चल रहे दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद कर उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुर्घटना के बाद कुछ समय तक फ्लाईओवर पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य करा दिया। वहीं, पुलिस ने लोगों से घटना से जुड़ा कोई वीडियो या अन्य जानकारी होने पर जांच में सहयोग करने की अपील की है।



