रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं ने पुलिस से FIR दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े :- भगवान कुबेर का वाहन मनुष्य क्यों है? जानिए नर वाहन से जुड़ी पौराणिक कथा और धार्मिक महत्व
रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए वीडियो तैयार करने, उसकी पटकथा लिखने और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वीडियो को लेकर भड़के राजेश मूणत, बोले- राजनीति में मर्यादा जरूरी
शिकायत के दौरान विधायक राजेश मूणत ने कहा कि अमित जोगी ने देश के प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जिस तरह का वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा किया है, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीति में सिद्धांतों और विचारों की लड़ाई होनी चाहिए। अपनी बात रखने के लिए लोकतांत्रिक तरीके और राजनीतिक मर्यादा का पालन करना जरूरी है।
मूणत ने आरोप लगाया कि वीडियो में जिस तरह के दृश्य दिखाए गए हैं, वह राजनीतिक विरोध की सीमा से बाहर है। उन्होंने कहा कि चरित्र हनन करने और बेडरूम के दृश्य दिखाने जैसी प्रस्तुति स्वीकार्य नहीं है।
वीडियो बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
भाजपा नेताओं ने अपनी शिकायत में केवल वीडियो पोस्ट करने वाले ही नहीं, बल्कि उसकी पटकथा तैयार करने और निर्माण में शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे मामले की जांच कर इसके पीछे शामिल सभी लोगों की भूमिका सामने लाई जानी चाहिए।
पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो फिर पहुंचेंगे थाने
राजेश मूणत ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि शिकायत में जिन लोगों को वीडियो की कथित कूटरचना और निर्माण से जुड़ा बताया गया है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में पुलिस ने उचित कदम नहीं उठाया, तो भाजपा कार्यकर्ता दोबारा थाने पहुंचेंगे। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में वीडियो विवाद को लेकर सियासी टकराव और बढ़ने के आसार हैं।




