रिपोर्टर- सावन कुमार
रायपुर : एमसीबी जिले के चिरमिरी वन परिक्षेत्र में एक भालू का शव मिलने से वन अमले में हलचल मच गई है। एफडीए प्लांटेशन क्षेत्र में मृत अवस्था में मिले भालू की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- राजधानी रायपुर में बड़ा हादसा, तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों और लोगों को रौंदा
डोमनहिल से गेल्हापानी की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर एफडीए प्लांटेशन में पड़े भालू के शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी टीकम सिंह ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में भालू के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट या शिकार के निशान नहीं मिले।
वन विभाग की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि पके कटहल के बीज खाने से भालू की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि अधिकारी इसे केवल प्रारंभिक संभावना बता रहे हैं। पशु चिकित्सक डॉ. तिवारी ने वन विभाग की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया है। अब मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।



