Patliputra Railway Station Violence: बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग (Prohibition Department) की भर्ती परीक्षा देने जा रहे छात्रों ने शनिवार देर रात पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया।
ट्रेनों की कमी और देरी से नाराज छात्रों का गुस्सा हिंसक प्रदर्शन में बदल गया। आक्रोशित छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर ट्रेनों को रोक दिया, पथराव किया और एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
परीक्षा छूटने के डर से भड़के छात्र
जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित होनी थी। परीक्षा देने के लिए हजारों छात्र रात में ही स्टेशन पहुंच गए थे। लेकिन पर्याप्त ट्रेनें उपलब्ध नहीं होने और कई ट्रेनों के लेट होने के कारण छात्रों को परीक्षा छूटने का डर सताने लगा। इसी बीच पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई गई एग्जाम स्पेशल ट्रेन के पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई। नाराज छात्र ट्रेन के आगे पटरी पर लेट गए और रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे, जिससे रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। (Patliputra Railway Station Violence)
कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित
हंगामे की वजह से पाटलिपुत्र स्टेशन से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। राजधानी एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा, जबकि कुछ ट्रेनों का रूट बदल दिया गया।
पथराव में रेल आईजी समेत कई घायल
घटना की सूचना मिलते ही रेल आईजी Jitendra Rana, रेल एसपी, आरपीएफ और जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इस दौरान हुए पथराव में रेल आईजी जितेंद्र राणा सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हालात गंभीर होने पर खुद रेल आईजी ने मोर्चा संभाला।
डीएम बोले – असामाजिक तत्वों ने बिगाड़ा माहौल
पटना के जिलाधिकारी डॉ. थियागराजन ने बताया कि आधी रात को उपद्रव की सूचना मिली थी। प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने और अन्य अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए सहयोग की अपील की थी। हालांकि कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर माहौल खराब किया और स्थिति को तनावपूर्ण बना दिया। फिलहाल हालात सामान्य हैं और रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें रवाना कर दी हैं। (Patliputra Railway Station Violence)