रायपुर। देशभर के बैंक अधिकारी और कर्मचारी आज एक दिवसीय हड़ताल पर हैं। इसका असर छत्तीसगढ़ में भी बैंकिंग सेवाओं पर दिखाई दे रहा है। रायपुर और जगदलपुर समेत कई स्थानों पर बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर 5-डे बैंकिंग लागू करने और PLI (परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव) में समानता की मांग उठाई।
यह भी पढ़े :- वंदे मातरम विवाद पर शिवराज का कांग्रेस पर हमला, बोले- कर्नाटक सरकार का फैसला भारत माता का अपमान
रायपुर के PNB परिसर, मोतीबाग चौक में बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी-कर्मचारी एकत्र हुए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। वहीं जगदलपुर में भी बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल में शामिल होकर कामकाज से दूरी बनाई।
लंबे समय से लंबित है 5-डे बैंकिंग की मांग
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की व्यवस्था लंबे समय से उनकी प्रमुख मांग रही है। उनका तर्क है कि अन्य वित्तीय संस्थानों में इस तरह की व्यवस्था लागू है, इसलिए बैंकिंग क्षेत्र में भी 5 दिन कार्य और 2 दिन अवकाश की व्यवस्था होनी चाहिए। इससे कर्मचारियों को बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस मिल सकेगा।
करीब 28 बैंकों के कर्मचारी शामिल होने का दावा
हड़ताल में सरकारी और निजी क्षेत्र के करीब 28 बैंकों के अधिकारी-कर्मचारियों के शामिल होने का दावा किया गया है। कर्मचारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि हड़ताल के दौरान जरूरी बैंकिंग कार्यों के लिए ATM, UPI और नेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करें।
मांगें नहीं मानीं तो तीन दिन की हड़ताल
बैंक कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मौजूदा हड़ताल के बाद भी उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं होने पर अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया गया है।




