रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में हुई चेन झपटमारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक मुख्य आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में DRI की बड़ी कार्रवाई: हंस ट्रैवल्स दफ्तर से जाली नोटों के तीन बोरे जब्त
यह मामला अपराध क्रमांक 137/2026 के तहत दर्ज किया गया था। प्रार्थिया हेमलता वैध ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 6:40 बजे शंकर नगर स्थित चावला टावर के पास अज्ञात आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन झपटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में खम्हारडीह पुलिस और क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। जांच के दौरान 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक उर्फ छोटू वर्मा को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में वारदात को स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसने लूटी गई चेन को प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी नामक ज्वेलर्स को बेचा था।
इसके बाद पुलिस ने ज्वेलर्स प्रशांत केशरवानी को भी गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में सोने की चेन को गलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मौके से लगभग 16 ग्राम सोना, 1 लाख 50 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों में विवेक उर्फ छोटू वर्मा (32 वर्ष, निवासी तिल्दा नेवरा) और प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी (32 वर्ष, निवासी तिल्दा नेवरा) शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।



