रायपुर। राजधानी रायपुर के रिंग रोड स्थित हंस ट्रैवल्स कार्यालय में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी छापेमार कार्रवाई की है। ट्रैवल कंपनी के जरिए जाली नोटों की खेप दूसरे राज्यों में भेजे जाने की सूचना पर टीम ने रेड डालते हुए तीन बोरे नकदी जब्त की है।
यह भी पढ़े :- गरियाबंद ब्रेकिंग: चलती ट्रक में भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
जानकारी के मुताबिक, जब्त किए गए बोरों में 10, 20 और 50 रुपये के नोट भरे हुए थे। प्रारंभिक आशंका है कि ये नोट जाली हो सकते हैं, जिन्हें जांच के लिए DRI टीम अपने साथ ले गई है। इस पूरी कार्रवाई को पांच अधिकारियों की टीम ने अंजाम दिया।
सूत्रों के अनुसार, ये नोट पश्चिम बंगाल के कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कोलकाता से उदय सिंह बिस्वाल नामक व्यक्ति ने इन्हें भेजा था, जबकि दिल्ली में कमल किशोर गुप्ता नाम के व्यक्ति तक पहुंचाने की योजना थी।
DRI को पहले से ही इस संदिग्ध ट्रांजैक्शन की सूचना मिल चुकी थी, जिसके आधार पर रिंग रोड स्थित कार्यालय में दबिश दी गई। फिलहाल जब्त नोटों की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद नोट पूरी तरह जाली हैं या किसी अन्य अवैध गतिविधि से जुड़े हुए हैं। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



