बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है, जहां अपने केस की जानकारी लेने पहुंचे एक पीड़ित के साथ ASI ने कथित रूप से मारपीट कर दी। घटना के बाद SSP रजनेश सिंह ने आरोपी ASI दिनेश तिवारी को तत्काल सस्पेंड कर दिया है, वहीं उनके खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़े :- CGMSC घोटाला: ACB/EOW ने 3500 पन्नों का चालान कोर्ट में पेश किया, 4 आरोपी नामजद
मिली जानकारी के अनुसार, रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने मामले की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने ASI दिनेश तिवारी से केस की स्थिति और जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने को लेकर बात की। इसी दौरान विवाद बढ़ गया।
पीड़ित विनोद जायसवाल का आरोप है कि ASI ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें 15-20 थप्पड़ मारे, जिससे उनका कान सुन्न पड़ गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ASI ने धमकी देते हुए कहा—“बहुत बड़ा नेता है, तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा।” घटना के समय थाने में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।
इतना ही नहीं, जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के एवज में ASI द्वारा पैसों की मांग करने का आरोप भी सामने आया है।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी और ट्रेनी IPS अंशिका जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद पीड़ित ने भी SSP से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए SSP रजनेश सिंह ने ASI को सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
मारपीट के बाद पीड़ित को सुनने में परेशानी और सिरदर्द की शिकायत है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी ASI के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि विनोद जायसवाल पहले कोयला कारोबार से जुड़े रहे हैं और स्थानीय राजनीति में भी उनकी सक्रियता रही है। वे खुद को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का करीबी और रिश्तेदार बताते हैं।



